रांझी के चर्चित क्लारेन्स एटकीन्स हत्याकांड में बड़ी सफलता, 30 हजार के इनामी मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन गिरफ्तार

 

देशी पिस्टल, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद, साजिशकर्ता पिता बाबा नेल्सन अब भी फरार




जबलपुर। रांझी क्षेत्र के बहुचर्चित सिविल इंजीनियर क्लारेन्स एटकीन्स हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के मुख्य आरोपी और 30 हजार रुपये के इनामी बदमाश प्रिंस नेल्सन उर्फ आशीष नेल्सन को रांझी पुलिस ने उसके 16 वर्षीय विधि-विवादित बाल सहयोगी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी ऑटोमेटिक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा आरोपी पर 10 हजार रुपये तथा पुलिस उप महानिरीक्षक अतुल सिंह द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार इस सनसनीखेज हत्याकांड की पूरी साजिश आरोपी के पिता बाबा नेल्सन उर्फ विकास नेल्सन उर्फ रिंकू नेल्सन ने रची थी, जो अभी भी फरार है।
23 अप्रैल को हुई थी सिविल इंजीनियर की हत्या

जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल 2026 को रांझी क्षेत्र में सिविल इंजीनियर क्लारेन्स एटकीन्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में सहयोग करने वाले सह-आरोपी तेजबल उर्फ अरुण रैकवार और मोहित ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया था।

जांच के दौरान सामने आया कि हत्या की पूरी योजना बाबा नेल्सन ने अपने बेटे प्रिंस और अन्य साथियों के साथ मिलकर बनाई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी प्रिंस और उसका पिता लगातार फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश में पुलिस कई स्थानों पर दबिश दे रही थी।
ईसाई कॉलोनी के पास पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

रांझी पुलिस को मुखबिर से मिली सटीक सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि आरोपी गोरखपुर क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने ईसाई कॉलोनी के पास घेराबंदी कर 25 वर्षीय प्रिंस नेल्सन उर्फ आशीष नेल्सन और उसके नाबालिग साथी को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देशी ऑटोमेटिक पिस्टल, दो कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि विधि-विवादित बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
मुख्य साजिशकर्ता पिता की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता बाबा उर्फ विकास नेल्सन अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले के शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी उमेश कुमार गोल्हानी, उप निरीक्षक मयंक सिंह यादव, सहायक उप निरीक्षक मनीष जाटव, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम, आरक्षक मनीष एवं अभिषेक मिश्रा की विशेष भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post