जबलपुर। लव जिहाद और धर्मांतरण की कथित घटनाओं को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन के पदाधिकारियों ने ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई और ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता घंटाघर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कुछ होटलों में लव जिहाद एवं अन्य संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि हाल ही में माढ़ोताल क्षेत्र स्थित एक होटल में बजरंग दल द्वारा की गई जांच के दौरान हिंदू युवतियों के साथ मुस्लिम युवक पाए गए थे। इसके अलावा मां नर्मदा के तटवर्ती क्षेत्रों में संचालित कुछ होटलों में भी अनैतिक गतिविधियां होने के आरोप लगाए गए हैं।
कार्यकर्ताओं ने पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी से जुड़े निसर्ग रिसॉर्ट में हुई एक युवक की मौत के मामले का भी उल्लेख करते हुए संबंधित होटल संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। संगठन का आरोप है कि उक्त होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
एसडीएम मोनिका बाघमारे ने बताया कि हिंदू संगठनों की ओर से एक शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। ज्ञापन में संबंधित होटल संचालक के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई किए जाने की मांग भी की गई है।
प्रशासन का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच नियमानुसार की जाएगी तथा तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
