जबलपुर। बेलबाग थाना पुलिस ने भानतलैया क्षेत्र में लंबे समय से संचालित हो रहे जुआ फड़ पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹40,550 नकद और 9 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, भानतलैया शराब दुकान के समीप एक टपरे में लंबे समय से जुआ खिलाए जाने की सूचना लगातार मिल रही थी। सूचना के आधार पर बेलबाग थाना पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर देर रात दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में भगदड़ मच गई, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी को मौके से पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संदीप चौधरी (34), निकेश सोनकर (38), सुरेंद्र चौधरी (32), अमन सोनकर (28), नरेश बर्मन (34), मनोज चौधरी (32), राकेश चौधरी (26), आकाश चौधरी (32), नरेंद्र चौधरी (35) और धर्मेंद्र चौधरी (34) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी जबलपुर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने मौके से ₹40,550 की नगदी तथा विभिन्न कंपनियों के 9 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी जितेंद्र पाटकर, एसआई विजय सिंह धुर्वे, प्रधान आरक्षक उमाशंकर यादव तथा आरक्षक मोहित राजपूत, अखिलेश और अभिमन्यु सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
