बंजारी माता मंदिर के पास गांजा बेचने की फिराक में युवक गिरफ्तार, 1.924 किलो गांजा और बाइक जब्त

 



जबलपुर। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पाटन थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 924 ग्राम गांजा, नगदी, मोबाइल फोन और बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 96 हजार 200 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, बीती रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि विष्णु उर्फ रंजीत गौड़ (22 वर्ष), निवासी ग्राम भरदा, थाना बेलखेड़ा, मनकेड़ी रोड स्थित बंजारी माता मंदिर के पास बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर गांजा लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी और आरोपी को मौके से धर दबोचा।

तलाशी के दौरान आरोपी के पिट्ठू बैग से 1 किलो 924 ग्राम गांजा, 200 रुपये नकद, सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन तथा बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने सभी सामान को विधिवत जब्त कर लिया।
गांजा तस्करी के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का नेटवर्क कितना बड़ा है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।
टीम की सतर्कता से मिली सफलता

इस कार्रवाई को सफल बनाने में नुनसर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश धुर्वे, आरक्षक अनुराग रैकवार, रामगोपाल कुर्मी, गंगाराम एवं रिंकू यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार में लिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post