जबलपुर। रिश्तों में भरोसे को झकझोर देने वाला मामला रांझी क्षेत्र से सामने आया है। यहां 75 वर्षीय वृद्धा ने अपनी ही बेटी, दामाद और उनके एक परिचित पर धोखाधड़ी कर करीब 22 लाख रुपए और जेवरात हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से शिकायत की और न्याय की गुहार लगाई।
रांझी निवासी लल्लीबाई केवट (75 वर्ष) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी बेटी राजकुमारी केवट, दामाद चंद्रभान केवट तथा उनके परिचित निकेश मिश्रा ने विश्वास में लेकर उनकी एफडी, पेंशन की राशि और कीमती जेवरात अपने कब्जे में कर लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उन्हें यह कहकर एक चाबी गले में पहनवा दी कि यह बैंक लॉकर की चाबी है और उनके सभी जेवर सुरक्षित रखे गए हैं।
वृद्धा के अनुसार जब वह हाल ही में यूनियन बैंक पहुंचीं और लॉकर की जानकारी मांगी तो बैंक अधिकारियों ने बताया कि उनके नाम से कोई लॉकर ही नहीं है। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई कथित धोखाधड़ी का एहसास हुआ।
पीड़िता ने एसपी कार्यालय में कथित फर्जी लॉकर की चाबी भी अधिकारियों को सौंपी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वृद्धा के आरोपों में कितनी सच्चाई है और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।
