जबलपुर। आखिरकार लंबे इंतजार के बाद जबलपुर रेंज के सैकड़ों प्रधान आरक्षकों की वर्दी पर सितारे सज गए। मध्यप्रदेश शासन की नई पदोन्नति नीति-2025 के तहत जबलपुर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) ने बड़ा पदोन्नति आदेश जारी करते हुए जबलपुर और कटनी जिले के 300 से अधिक प्रधान आरक्षकों को सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) के पद पर पदोन्नत कर दिया।
पदोन्नति आदेश जारी होते ही पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है। वर्षों से एक पदोन्नति का इंतजार कर रहे कई प्रधान आरक्षकों को अब एएसआई की नई जिम्मेदारी मिलेगी। आदेश के अनुसार पदोन्नत अधिकारी फिलहाल अपनी वर्तमान पदस्थापना पर ही सहायक उप निरीक्षक के रूप में कार्य करेंगे।
डीआईजी कार्यालय द्वारा जारी आदेश में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अनारक्षित वर्ग के पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी कर्मचारी के विरुद्ध विभागीय जांच या आपराधिक प्रकरण लंबित पाया जाता है तो उसकी पदोन्नति नियमानुसार प्रभावित हो सकती है। वेतन निर्धारण के लिए पदोन्नत अधिकारियों को एक माह के भीतर निर्धारित विकल्प प्रस्तुत करना होगा।
आदेश में यह भी उल्लेख है कि वर्ष 2021 के तहत दिए गए कार्यवाहक प्रभार संबंधी आदेश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं। अब पदोन्नत अधिकारी नियमित रूप से एएसआई के पद पर अपनी सेवाएं देंगे। यह आदेश 12 जुलाई 2026 से प्रभावी कर दिया गया है।








