गढ़ा की बदनपुर पहाड़ी पर जुआ फड़ पर पुलिस का छापा: भगदड़ में 5 जुआरी गिरफ्तार, ₹25 हजार से अधिक नकदी जब्त

 


जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित बदनपुर पहाड़ी पर लंबे समय से संचालित हो रहे जुआ फड़ पर पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस की घेराबंदी होते ही मौके पर भगदड़ मच गई। कई जुआरी पहाड़ी से कूदकर भागने लगे, जिनमें से पांच को पुलिस ने दबोच लिया, जबकि चार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।

पुलिस के अनुसार सूचना मिल रही थी कि बदनपुर पहाड़ी पर लंबे समय से अवैध जुआ संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और सभी जान बचाने के लिए भागने लगे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोनू प्रजापति (37) निवासी नेता कॉलोनी, अधारताल, श्याम प्रजापति (32) निवासी इंदिरा बस्ती रतन नगर, मोनू उर्फ लक्ष्मी सिंह लोधी (42) निवासी गंगासागर लोधी मोहल्ला, राहुल मनोहरे (41) निवासी सर्वोदय नगर तथा मूर्ति केवट (22) निवासी यादव कॉलोनी, रानीताल को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के कब्जे से ₹25,260 नकद, ताश के पत्ते एवं जुआ खेलने का अन्य सामान जब्त किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

चार आरोपी फरार, संचालकों की तलाश तेज

पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान राज बिठ्ठल, संदीप पटेल, अन्नू रैकवार सहित चार आरोपी पहाड़ी से कूदकर फरार हो गए। पूछताछ में यह भी सामने आया कि जुआ फड़ का संचालन अंशु चक्रवर्ती और रोहित सेन द्वारा किया जा रहा था। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक संजय गुर्जर, सहायक उप निरीक्षक रामकरन मिश्रा, प्रधान आरक्षक ज्ञानेन्द्र पाठक, प्रदीप दुबे, हेमंत पटेल तथा आरक्षक भगवान सिंह और गौरव तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post