जबलपुर। शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों से परेशान लोगों को राहत देते हुए ओमती पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के सात दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिन्हें उसने पीली कोठी मैदान में छिपाकर रखा था। बरामद वाहनों की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार शारदा चौक, अन्ना मोहल्ला निवासी 24 वर्षीय पवन पिता सीताराम पटेल लंबे समय से शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। आरोपी को ओमती थाना पुलिस ने देर रात पुल नंबर-3 के पास संदिग्ध अवस्था में एक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा।
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागा, पीछा कर दबोचा
जानकारी के मुताबिक पुलिस की रात्रि गश्त के दौरान पुल नंबर-3 के पास एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसका पीछा कर पकड़ लिया। पूछताछ में वह पहले पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने वाहन चोरी की कई वारदातें कबूल कर लीं।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पीली कोठी मैदान में छिपाकर रखे गए चोरी के सात दोपहिया वाहन बरामद कर लिए।
इन इलाकों से चोरी किए थे वाहन
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अलग-अलग स्थानों से वाहन चोरी किए थे, जिनमें—
सिहोरा से एचएफ डीलक्स (MP 20 MU 5416)जिलहरीघाट से टीवीएस राइडर (MP 17 ZB 5279)
बल्देवबाग से एक्टिवा/स्कूटी (MP 20 JA 3066)
दरहाई चौक (कोतवाली क्षेत्र) से एक्टिवा (MP 20 SL 2094)
दमोह नाका से हीरो स्प्लेंडर प्लस (MP 20 MN 2228)
खारीघाट से स्प्लेंडर (MP 20 NQ 8345)
ब्लू मून होटल के पास से सिल्वर रंग की एक्सिस स्कूटी (MP 20 SR 7513) चोरी करना स्वीकार किया।
पहले से दर्ज हैं छह आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार आरोपी पवन पटेल अपराधी प्रवृत्ति का है। उसके विरुद्ध पहले से शासकीय कार्य में बाधा, चोरी, मारपीट तथा जुआ अधिनियम सहित कुल छह आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब उससे अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी के वाहनों की बरामदगी में उप निरीक्षक श्रीराम सनोडिया, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, महेन्द्र शुक्ला, आरक्षक संदीप, राजवीर, अंकेश तथा सुनील पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।
