जबलपुर में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, रामघाट पर देशी पिस्टल और कारतूस बरामद

 




जबलपुर। शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोरखपुर थाना पुलिस ने मंगलवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी रामघाट क्षेत्र में हथियार लेकर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार मंगलवार रात सूचना मिली थी कि गौरीघाट स्थित रामघाट की सीढ़ियों के नीचे एक युवक हाथ में देशी पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।

पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक छिपने का प्रयास करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम आकाश उर्फ अक्कू बर्मन, निवासी ककरैया तलैया बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी की कमर में खोंसी हुई एक देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसकी मैगजीन में एक जिंदा कारतूस लोड मिला। पुलिस ने हथियार और कारतूस को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि उसने अवैध हथियार कहां से हासिल किया और उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post