कुख्यात बदमाश छोटू चौबे के गुर्गे पर जानलेवा हमला: तीन आरोपी गिरफ्तार, चाकू और इनोवा कार जब्त

 



जबलपुर। तिलवारा थाना पुलिस ने कुख्यात बदमाश छोटू चौबे के कथित गुर्गे कमरान अली (24) पर हुए जानलेवा हमले और अपहरण के सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अमन कोल, चंद्रभान वर्मा उर्फ बहत्तर सिंह और विशाल ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और इनोवा कार भी जब्त कर ली गई है, जबकि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई की देर रात नया मोहल्ला निवासी कमरान अली अपने साथी राहुल शर्मा के साथ तिलवारा स्थित शेरे पंजाब ढाबा से भोजन कर स्कूटी से घर लौट रहा था। रात के समय जैसे ही दोनों तिलवारा पुल पर पहुंचे, तभी दो कारों में सवार अमन कोल, चंद्रभान वर्मा उर्फ बहत्तर सिंह, निक्की और उनके अन्य साथियों ने उनका रास्ता रोक लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने पहले दोनों युवकों के साथ मारपीट की। इसके बाद मुख्य आरोपी अमन कोल ने चाकू से हमला कर कमरान अली और राहुल शर्मा को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, हमले के बाद आरोपी कमरान अली का जबरन अपहरण कर उसे कार में बैठाकर रांझी-खमरिया क्षेत्र ले गए। वहां उसके साथ डंडों, मुक्कों और चाकू से बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल हालत में उसे अस्पताल के पास छोड़कर सभी आरोपी फरार हो गए।

राहगीरों की सूचना पर घायल कमरान अली को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तिलवारा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी अमन कोल, चंद्रभान वर्मा उर्फ बहत्तर सिंह और विशाल ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू और इनोवा कार बरामद कर ली है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में हत्या के प्रयास, अपहरण, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत विवेचना जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post