जबलपुर-नरसिंहपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचला, मौके पर ही मौत



कमती-इमलिया के पास चांदनखेड़ा तिराहे पर हुआ हादसा, भाग रहे ट्रक चालक को पुलिस ने पीछा कर दबोचा, कई घंटे तक लगा जाम

जबलपुर/नरसिंहपुर। जबलपुर-नरसिंहपुर राष्ट्रीय मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। कमती-इमलिया गांव के पास चांदनखेड़ा तिराहा, गोटेगांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद तीनों युवकों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान शिवम ठाकुर (22 वर्ष), प्रकाश पटेल (30 वर्ष) और प्रहलाद लोधी (35 वर्ष), निवासी ग्राम पिपरसरा के रूप में हुई है। तीनों रविवार सुबह मोटरसाइकिल से काम के सिलसिले में जबलपुर जा रहे थे। जैसे ही वे कमती से इमलिया गांव की ओर बढ़े, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भाग रहे ट्रक का पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद आक्रोशित लोगों की भीड़ सड़क पर एकत्र हो गई, जिससे जबलपुर-नरसिंहपुर मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया तथा क्षतिग्रस्त बाइक को हटवाकर यातायात बहाल कराया।

तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post