बस स्टैंड पर दंपती पर लाठी से जानलेवा हमला, मजदूरी के पैसे और शराब के लिए विवाद; आरोपी फरार

 



जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के नया बस स्टैंड में सोमवार सुबह एक दंपती पर लाठी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मजदूरी के भुगतान और शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने पति-पत्नी दोनों की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल दोनों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्रकाश राजपूत उर्फ टाइगर (32 वर्ष) निवासी नया बस स्टैंड, सिहोरा और उसकी पत्नी बैजंती को मोहल्ले का रहने वाला गोलू चौहान कुछ दिन पहले मजदूरी के लिए ले गया था। आरोप है कि काम पूरा होने के बाद उसने मजदूरी का भुगतान नहीं किया। जब प्रकाश ने अपने मेहनताना की मांग की तो आरोपी ने गाली-गलौज कर उसे भगा दिया।

सोमवार सुबह करीब 8 बजे प्रकाश नया बस स्टैंड स्थित बबुआ चाय दुकान पर बैठकर चाय पी रहा था। इसी दौरान गोलू चौहान वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। प्रकाश द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी से हमला कर दिया।

पति को पिटता देख पत्नी बैजंती बीच-बचाव के लिए पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी लाठियों से हमला कर दिया। हमले में दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

घटना भीड़भाड़ वाले बस स्टैंड क्षेत्र में होने से आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों के विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

खून से लथपथ हालत में दंपती सिहोरा थाने पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल भेजा। सिहोरा थाना पुलिस ने आरोपी गोलू चौहान के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post