मुरम खदान बनी मौत का कुंड: नहाने गए दो मासूमों की डूबने से दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम



सीहोर/आष्टा। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के आष्टा क्षेत्र से शनिवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। नहाने के लिए मुरम खदान में पहुंचे दो 12 वर्षीय मासूम बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। दोनों बच्चों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातम का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान समर पुत्र जितेंद्र (12 वर्ष), निवासी ग्राम बापचा दोनिया तथा समर पुत्र संतोष (लगभग 12 वर्ष), निवासी ग्राम बापचा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे ग्राम बागेर स्थित मुरम खदान में बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान दोनों अचानक गहराई में चले गए और पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन दोनों बच्चों को तत्काल आष्टा के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मासूमों की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई और परिजन बदहवास हो गए।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात आष्टा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में हुई तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। कई गांवों का संपर्क मार्ग प्रभावित हो गया है, जबकि तालाब, तलाई और खदानों में पानी लबालब भर गया है। ऐसे में पानी से भरे गहरे गड्ढे बच्चों और ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पानी से भरी परित्यक्त खदानों और खतरनाक जलभराव वाले स्थानों के आसपास सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post