रात शराब पीकर घर लौटा था युवक, परिजनों ने फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
जबलपुर। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम गोकुला में एक किसान के बेटे द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही बेलखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम गोकुला निवासी अरविंद पटेल पेशे से किसान हैं। उनका बेटा महेश पटेल भी खेती-किसानी का कार्य करता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महेश को शराब पीने की लत थी। रविवार रात करीब 10 बजे वह शराब के नशे में घर पहुंचा और सीधे अपने कमरे में चला गया।
कुछ देर बाद उसने कमरे में लगे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। फंदा कसते ही उसकी आवाज सुनकर चाची सहित परिवार के अन्य सदस्य दौड़कर कमरे में पहुंचे। परिजनों ने तत्काल फंदा काटकर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत
परिजन और ग्रामीण तत्काल महेश को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया और बड़ी संख्या में लोग उसके घर पहुंच गए।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने पर बेलखेड़ा थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजकर मर्ग कायम किया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
