जबलपुर में तीन दिवसीय तृतीय सोपान एवं निपुण टेस्टिंग कैंप शुरू, स्काउट्स-गाइड्स दिखाएंगे हुनर



जबलपुर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, पश्चिम मध्य रेल जबलपुर मंडल के तत्वावधान में रेलवे स्काउट कार्यालय में शुक्रवार से तीन दिवसीय 'तृतीय सोपान एवं निपुण टेस्टिंग कैंप' का शुभारंभ हुआ। 24 से 26 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले इस विशेष प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन शिविर में मंडल के स्काउट्स एवं गाइड्स अपनी दक्षता, अनुशासन और विभिन्न कौशलों का प्रदर्शन करेंगे।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हो रहा आयोजन

शिविर का आयोजन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सह जिला आयुक्त (स्काउट) वरुण चतुर्वेदी, मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह सहायक जिला आयुक्त (स्काउट) नितेश कुमार सोने तथा सहायक कार्मिक अधिकारी (कल्याण) सह सहायक जिला आयुक्त (स्काउट) सचिपति नंदन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

शिविर की व्यवस्थाओं में जिला सचिव अनिल चौबे, संयुक्त सचिव संजीव तिवारी, संगठन आयुक्त (स्काउट) विमलेश तिवारी, प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) आशीष सोनकर, संगठन आयुक्त (गाइड) आरती रैकवार तथा प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) लक्ष्मी पाणिग्रही की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
राज्य एवं राष्ट्रपति पुरस्कार की तैयारी का अहम पड़ाव

तीन दिवसीय टेस्टिंग कैंप में प्रतिभागियों की विभिन्न विषयों पर परीक्षा ली जा रही है। इसमें स्काउट इतिहास, प्रतिज्ञा एवं नियम, संगठन का आदर्श वाक्य, निर्धारित यूनिफॉर्म, प्राथमिक चिकित्सा तथा व्यावहारिक कौशल का परीक्षण शामिल है।

अधिकारियों के अनुसार इस परीक्षण में सफल होने वाले स्काउट्स एवं गाइड्स ही भविष्य में राज्य पुरस्कार तथा राष्ट्रपति पुरस्कार टेस्ट के लिए पात्र होंगे।
नई कटनी सहित विभिन्न शाखाओं के प्रतिभागी शामिल

शिविर में जबलपुर मंडल के साथ-साथ नई कटनी शाखा के स्काउट्स एवं गाइड्स भी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के व्यावहारिक कौशल विकसित किए जा रहे हैं।
अनुभवी प्रशिक्षकों की टीम कर रही मार्गदर्शन

शिविर का संचालन आत्मानंद श्रीवास्तव द्वारा किया जा रहा है। प्रतिभागियों के प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन के लिए अनुभवी प्रशिक्षकों की टीम तैनात की गई है, जिसमें किशोर कुमार, अनिल पाली, शुभम कुशवाहा, सुमित विश्वकर्मा, ऋषि राव, देवेन्द्र कतिया, सरिता अम्रवंशी, सिमोन पसेरिया और सोनम असीम शामिल हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post