जबलपुर में बड़ी कार्रवाई: वारदात की फिराक में सुअरमार बम लेकर घूम रहा कुख्यात बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

 




जबलपुर। गढ़ा थाना पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात बदमाश को वारदात की नीयत से दो सुअरमार बम लेकर घूमते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस टीम को देखकर बम दिखाकर धमकाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि गढ़ा थाना क्षेत्र के मदनमहल स्थित दरगाह के समीप बजरंग नगर पहाड़ी पर एक युवक विस्फोटक सामग्री लेकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस को देखकर दी धमकी, फिर भागने लगा आरोपी

पुलिस टीम को देखते ही आरोपी अतुल साहू ने हाथ में मौजूद सुअरमार बम दिखाकर पुलिस को डराने और धमकाने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस टीम पीछे नहीं हटी। पुलिस को अपनी ओर बढ़ता देख आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा करते हुए चारों ओर से घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

दो सुअरमार बम बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो सुअरमार बम बरामद किए। पुलिस ने विस्फोटक सामग्री जब्त कर आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले से दर्ज हैं कई गंभीर मामले

पकड़ा गया आरोपी अतुल पिता राजकुमार साहू (19 वर्ष), निवासी अन्ना मोहल्ला, शारदा चौक, गढ़ा का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार वह क्षेत्र का शातिर बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात की तैयारी में था या किसी आपराधिक गिरोह के लिए काम कर रहा था। उससे पूछताछ जारी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post