उमरिया। जिले के चंदिया वन परिक्षेत्र के ग्राम नरवार-25 स्थित कुदरी टोला में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नरवार-25 निवासी मिथुन बैगा ने लोहे की सब्बल से वनकर्मियों पर हमला कर दिया, जिससे तीन कर्मचारी घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम दो बीट गार्ड और एक चौकीदार अतिक्रमण संबंधी कार्रवाई के लिए गांव पहुंचे थे। वनकर्मी पीओआर (प्राथमिक वन अपराध प्रकरण) दर्ज करने की प्रक्रिया के तहत संबंधित व्यक्ति से आधार कार्ड की मांग कर रहे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी मिथुन बैगा ने लोहे की सब्बल से हमला कर दिया।
हमले में बीट गार्ड सतेंद्र मिश्रा, विमलेश गुप्ता और चौकीदार संतोष यादव घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों ने चंदिया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।वन विभाग की बाइक भी की क्षतिग्रस्त
आरोप है कि हमले के दौरान आरोपी ने वन विभाग की दोपहिया बाइक पर भी लोहे की सब्बल से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वह बाइक की चाबी निकालकर अपने साथ ले गया। बताया जा रहा है कि उसी चाबी के गुच्छे में वन चौकी की चाबी भी थी, जिसके चलते फिलहाल वन चौकी बंद पड़ी हुई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़ित वनकर्मियों की शिकायत पर चंदिया थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।
वनकर्मियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
दिनदहाड़े सरकारी ड्यूटी के दौरान वनकर्मियों पर हुए इस हमले ने वन विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अतिक्रमण हटाने जैसी संवेदनशील कार्रवाई के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
