मृत्यु पूर्व बयान से खुला राज: पति और सास पर आत्महत्या के लिए प्रताड़ित करने का मामला दर्ज



जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के बिनैकी गांव की रहने वाली एक महिला की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। प्रारंभिक जांच में जहां मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर किसी प्रकार की प्रताड़ना से इनकार करते हुए कार्रवाई न करने का शपथ पत्र दिया था, वहीं मृतिका के मृत्यु पूर्व (डाइंग डिक्लेरेशन) बयान के आधार पर पुलिस ने उसके पति और सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कर लिया है।

जहरीली वस्तु के सेवन से हुई थी मौत

नगर पुलिस अधीक्षक पाटन लोकेश डाबर ने बताया कि 17 जुलाई को बिनैकी निवासी आकांक्षा पटेल को जहरीली वस्तु का सेवन करने के बाद उपचार के लिए नेशनल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू की।

पहले मायके पक्ष ने किया था प्रताड़ना से इनकार

जांच के दौरान मृतिका के मायके पक्ष ने पुलिस को दिए बयानों में कहा था कि आकांक्षा को ससुराल में किसी प्रकार की शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना नहीं दी जाती थी और न ही दहेज की कोई मांग की गई थी। परिजनों ने यह भी बताया था कि घटना के समय वे स्वयं ससुराल में मौजूद थे तथा आकांक्षा ने गलती से किसी जहरीली दवा का सेवन कर लिया था। साथ ही पति और सास के विरुद्ध कार्रवाई न करने संबंधी शपथ पत्र भी प्रस्तुत किया गया था।

मृत्यु पूर्व बयान ने बदली जांच की दिशा

मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा नेशनल अस्पताल में डॉक्टर ए.के. वर्मा की उपस्थिति में दर्ज मृतिका के मृत्यु पूर्व बयान का अवलोकन किया। बयान में आकांक्षा ने बताया कि उसके पति और सास के साथ घरेलू विवाद लगातार होते थे। उसने आरोप लगाया कि उसकी सास जमुना बाई शादी के बाद से ही उसे ताने देती थी, आए दिन झगड़ा करती थी और पति को उसके खिलाफ भड़काती थी, जिससे पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता था।

मृतिका ने यह भी बताया कि इसी विवाद को सुलझाने के लिए उसके माता-पिता बिनैकी स्थित ससुराल आए थे, लेकिन सास समझौते के लिए तैयार नहीं हुई। इसी दौरान विवाद बढ़ गया, जिससे मानसिक रूप से परेशान होकर उसने जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया।

पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने बताया कि मर्ग जांच, उपलब्ध साक्ष्यों और मृत्यु पूर्व बयान के आधार पर यह पाया गया कि पति सतेन्द्र पटेल और सास जमुना बाई द्वारा मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना दिए जाने के कारण आकांक्षा ने आत्मघाती कदम उठाया। इसके आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post