नर्मदापुरम। पश्चिम मध्य रेलवे के इटारसी जंक्शन पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। हजरत निजामुद्दीन से एर्नाकुलम जा रही मंगला एक्सप्रेस की छत पर चढ़ा एक युवक 25 हजार वोल्ट की हाई टेंशन ओएचई लाइन की चपेट में आ गया। तेज धमाके के साथ युवक बुरी तरह झुलसकर ट्रेन से नीचे ट्रैक पर गिर पड़ा। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।
ट्रेन की छत पर चढ़कर मोबाइल पर कर रहा था बात
घटना इटारसी रेलवे स्टेशन के सी-केबिन आउटर की बताई जा रही है, जहां मंगला एक्सप्रेस कुछ देर के लिए खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अचानक ट्रेन की छत पर चढ़ गया और मोबाइल फोन पर किसी से बात करता दिखाई दे रहा था। उसे देखकर कई यात्रियों ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया और लगातार नीचे उतरने की आवाज लगाते रहे, लेकिन वह हाई वोल्टेज तार के बेहद करीब पहुंच गया।
हाई टेंशन लाइन से छूते ही हुआ तेज धमाका
देखते ही देखते युवक 25 हजार वोल्ट की ओएचई लाइन के संपर्क में आ गया। संपर्क होते ही जोरदार धमाका हुआ और युवक आग की लपटों के साथ नीचे ट्रैक पर गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ को सूचना दी।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे नर्मदापुरम जिला अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक करीब 70 प्रतिशत से अधिक झुलस गया है और उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
पहचान नहीं हो सकी, जांच में जुटी आरपीएफ
प्रारंभिक जानकारी में युवक के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है। हालांकि वीडियो में वह मोबाइल पर बातचीत करता भी दिखाई दे रहा है। ऐसे में आरपीएफ सभी पहलुओं की जांच कर रही है कि युवक ट्रेन की छत पर कैसे पहुंचा और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था।
आरपीएफ थाना प्रभारी मनीष पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। रेलवे अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई।
रेलवे की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में ट्रेन की छत पर चढ़ने या ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) लाइन के पास जाने का प्रयास न करें। 25 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आने से कुछ ही क्षणों में जानलेवा हादसा हो सकता है।
