जबलपुर। शहर के मदन महल रेलवे स्टेशन के समीप स्थित अंडरब्रिज में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती इलेक्ट्रिक कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और लगातार हो रहे धमाकों से आसपास का इलाका दहल उठा। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग समय रहते वाहन से बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही अंडरब्रिज में धुएं का गुबार फैल गया और तेज धमाकों की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे वाहन चालकों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने अपनी गाड़ियां रोककर सुरक्षित दूरी बना ली। कुछ ही देर में कार पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई और देखते ही देखते जलकर खाक हो गई।
दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची और पानी के टैंकर की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर अंडरब्रिज में कुछ समय के लिए यातायात भी रोकना पड़ा, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
पुलिस कर रही जांच, आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के पीछे तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट जैसी आशंकाएं जताई जा रही हैं, लेकिन वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस घटना के बाद एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि आग लगने की घटनाओं के पीछे अलग-अलग तकनीकी कारण हो सकते हैं, इसलिए जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
