तड़के घरों में घुसा जंगली सियार, सो रहे सात लोगों पर किया हमला; सिहोरा क्षेत्र में दहशत

 


जबलपुर। जिले के सिहोरा क्षेत्र स्थित कन्हाई देवरी गांव की इंदिरा कॉलोनी में गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे एक जंगली सियार के हमले से हड़कंप मच गया। सियार घरों के भीतर घुस गया और सो रहे लोगों पर अचानक हमला कर दिया। इस घटना में सात लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सिहोरा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सोते हुए लोगों को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, जंगली सियार ने एक के बाद एक कई घरों में घुसकर लोगों पर हमला कर दिया। हमले में पुरुषोत्तम चौधरी (35), मंजू चौधरी (46), सुदर्शन चौधरी (45), रमित्री चौधरी (50), प्रीति चौधरी (30), रूपलाल चौधरी (50) और त्रिवेणी चौधरी (40) घायल हो गए। सभी के हाथ, कलाई, उंगलियों तथा आंख के पास गंभीर चोटें आई हैं।

ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से खदेड़ा

हमले के बाद घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों की मदद से सियार को खदेड़कर गांव से बाहर भगाया। इसके बाद तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई, जिसके जरिए सभी घायलों को सिविल अस्पताल सिहोरा पहुंचाया गया।

गांव में दहशत, वन विभाग से कार्रवाई की मांग

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पहली बार कोई जंगली जानवर घरों के भीतर घुसकर लोगों पर हमला करने पहुंचा है। लोगों ने वन विभाग से हमलावर सियार को जल्द पकड़ने, गांव में निगरानी बढ़ाने और नियमित गश्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इलाज जारी, वन विभाग को दी गई सूचना

घायलों का सिविल अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की सूचना वन विभाग को भी दे दी गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि विभाग शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post