जबलपुर।बरगी थाना क्षेत्र के मनकेड़ी गांव में ब्याज के पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गिरवी रखी गई बाइक छुड़ाने पहुंचे दो सगे भाइयों ने कथित तौर पर एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
ब्याज पर रुपये उधार देता था मृतक
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अशोक उइके के रूप में हुई है। अशोक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। इसके साथ ही वह गांव के जरूरतमंद लोगों को छोटी-छोटी रकम ब्याज पर उधार भी देता था। इसी लेन-देन से जुड़ा विवाद उसकी मौत की वजह बन गया।
चार महीने पहले गिरवी रखी गई थी बाइक
पुलिस जांच में सामने आया है कि गांव के विमल नेताम ने करीब चार महीने पहले अपनी बाइक ₹9,500 में अशोक उइके के पास गिरवी रखी थी। दोनों के बीच यह सहमति बनी थी कि यदि अशोक बाइक का उपयोग करेगा तो उस पर अलग से ब्याज नहीं लिया जाएगा। इसी समझौते के तहत बाइक अशोक के पास रखी गई थी।
ब्याज मांगने पर बढ़ा विवाद
रविवार शाम विमल नेताम के बेटे लालू नेताम और दिनेश नेताम बाइक छुड़ाने के लिए अशोक के घर पहुंचे। उन्होंने गिरवी रखी रकम लौटाकर बाइक वापस लेने की बात कही। आरोप है कि इसी दौरान अशोक ने ब्याज की राशि भी मांगी, जिसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया।
लाठी-डंडों से हमला, अस्पताल में तोड़ा दम
आरोप है कि लालू और दिनेश नेताम ने अशोक के साथ मारपीट करते हुए लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से अशोक मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद दोनों आरोपी बाइक लेकर फरार हो गए।
ग्रामीणों ने घायल अशोक को तत्काल बरगी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया। सोमवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
हत्या का मामला दर्ज, दोनों आरोपी हिरासत में
अशोक की मौत के बाद उसकी मां की शिकायत पर बरगी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह ब्याज के पैसे और गिरवी रखी बाइक का लेन-देन सामने आया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
