दिनदहाड़े बीटेक छात्र से सोने की चेन लूटी, बाइक सवार बदमाश वारदात के बाद फरार




कैंट थाना क्षेत्र में एक्टिवा रोककर की लूट, बिना नंबर प्लेट की बाइक से पहुंचे थे आरोपी; पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी

जबलपुर। शहर के कैंट थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बीटेक छात्र से सोने की चेन लूटने की वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने छात्र की एक्टिवा रोककर पहले उसके साथ गाली-गलौज की, फिर करीब 6 से 7 ग्राम वजनी सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार कंचनार बरसाना कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय तुषार होतानी ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह बीटेक का छात्र है। घटना के समय वह अपनी एक्टिवा से सदर क्षेत्र में घूमने निकला था। अमृततुल्य चाय दुकान से पेंटीनाका, सृजन चौक, यादगार चौक और मॉल रोड होते हुए वह वापस घर लौट रहा था। तभी सीईओ बंगले से करीब 100 मीटर पहले पीछे से बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और "रुको, बात करना है" कहकर उसे रोक लिया।

पीड़ित ने बताया कि जैसे ही उसने एक्टिवा की रफ्तार धीमी की, आरोपियों ने अपनी बाइक उसकी गाड़ी के आगे लगाकर रास्ता रोक दिया। इसके बाद एक बदमाश ने एक्टिवा की चाबी निकाल ली और गाली-गलौज करते हुए गले में पहनी सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने एक्टिवा की चाबी दूर फेंक दी। इसी दौरान दोनों बदमाशों ने मिलकर उसके गले से करीब 6 से 7 ग्राम वजनी सोने की चेन छीन ली और धक्का देकर यादगार चौक की ओर फरार हो गए।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों की मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

कैंट थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 296(ए), 309(4) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post