उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार अर्टिगा कार राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक मासूम बच्चे, तीन महिलाओं और एक पुरुष की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
यह हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र की सिविल लाइन चौकी के अंतर्गत भरौला स्थित सिद्ध बाबा क्षेत्र के पास गुरुवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ।
चित्रकूट दर्शन के लिए निकला था परिवार
पुलिस के अनुसार, अनूपपुर जिले का एक परिवार अर्टिगा कार (एमपी-18 जेडई-9677) से धार्मिक यात्रा पर चित्रकूट जा रहा था। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर भरौला के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार में फंसे लोगों को निकालने में करनी पड़ी मशक्कत
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना के बाद कार में एक व्यक्ति बुरी तरह फंस गया था, जिसे पुलिस और राहत दल ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं इलाज के दौरान एक अन्य घायल ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हो गई।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
.jpg)