मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में सोमवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (एनएच-30) पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। देहात थाना क्षेत्र के ग्राम रिगरा के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित एक्सयूवी (XUV) कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में कार सवार पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज सतना जिला अस्पताल में चल रहा है।
जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी युवक एक रिश्तेदार के यहां आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होकर देर रात मैहर लौट रहे थे। रिगरा गांव के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार कार चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस व राहत दल को सूचना दी।
घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग, 108 एंबुलेंस और नेशनल हाईवे की आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम ने क्रेन तथा गैस कटर की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक पांच युवकों की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले अमरपाटन सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले पांचों युवक मैहर से कांग्रेस के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मनीष पटेल के परिवार से जुड़े थे। एक साथ परिवार के पांच युवकों की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और बड़ी संख्या में लोग उन्हें ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
हादसे के बाद पुलिस ने सभी शवों को मैहर सिविल अस्पताल की मरचुरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह और अमरपाटन पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और ट्रक चालक से भी पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सुरक्षित दूरी का पालन नहीं करना हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए एनएच-30 पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन हटवाकर सामान्य कराया।
