यश हाइट अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर फिजियोथैरेपिस्ट की मौत, आत्महत्या या हादसा...जांच में जुटी पुलिस



जबलपुर | धनवंतरी नगर शनिवार तड़के धनवंतरी नगर चौकी क्षेत्र स्थित यश हाइट अपार्टमेंट में एक दर्दनाक घटना सामने आई। अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने से एक फिजियोथैरेपिस्ट की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भिजवाया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई। मृतक की पहचान भानु मोहरें के रूप में हुई है, जो जिला दतिया का निवासी था और नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज का पूर्व छात्र बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह आत्महत्या का मामला है या किसी दुर्घटना का नतीजा। सच्चाई तक पहुंचने के लिए अपार्टमेंट परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, वहीं मृतक के दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है। परिजनों के शहर पहुंचने के बाद अपार्टमेंट में स्थित आवास को खोला जाएगा।

इस संबंध में मेडिकल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि मृतक भानु मोहरें मेडिकल कॉलेज का पूर्व छात्र था और उसने वर्ष 2019 में फिजियोथैरेपी की पढ़ाई पूरी की थी।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post