जबलपुर। सुहागी क्षेत्र के पन्नी मोहल्ला में बिजली विभाग की अचानक कार्रवाई से हड़कंप मच गया। मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी (एमपीईबी) की टीम ने बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के मोहल्ले के लगभग 50 घरों के बिजली कनेक्शन काट दिए, जिससे पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया।
बिजली गुल होने से बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों की दिनचर्या और घरेलू कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो गए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे पहले ही बार-बार बिजली से जुड़ी समस्याओं की शिकायत कर चुके थे, लेकिन क्षेत्रीय पार्षद द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की गई, न ही विभाग ने संवाद स्थापित किया।
पार्षद के घर पहुंचा आक्रोश
लगातार अनदेखी से आक्रोशित मोहल्लेवासी एकजुट होकर सीधे क्षेत्रीय पार्षद लक्ष्मी गोटिया के निवास पहुंचे और घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग की मनमानी कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
मौके पर तनाव की स्थिति बनते देख प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, निवासियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली चालू नहीं की गई और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो विरोध को और तेज किया जाएगा।
स्थानीय लोगों की मांग है कि भविष्य में किसी भी कार्रवाई से पहले नोटिस, संवाद और समाधान की प्रक्रिया अपनाई जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े।
