दमोह। एमपी के दमोह–जबलपुर स्टेट हाईवे पर शुक्रवार दोपहर जबेरा बाईपास के पास दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह पिचक गए और उनमें सवार ड्राइवर व हेल्पर केबिन में बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रकों की हालत देखते हुए तत्काल जेसीबी मशीन मंगाई गई। करीब एक घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में जेसीबी की मदद से ट्रकों के लोहे के हिस्से काटकर अंदर फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को इलाज के लिए जबेरा स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
आमने-सामने की भिड़ंत
पुलिस के मुताबिक, खाली ट्रक (एमपी 19 एचए 505) नोहटा से शहपुरा की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रक (आरजे 11 जीबी 8855) ओडिशा से हरियाणा की ओर चना लेकर जा रहा था। जबेरा बाईपास पर दोनों की सीधी टक्कर हो गई।
घायल
हादसे में सतना जिले के प्रशांत केवट व नागेंद्र केवट तथा मुरैना जिले के बंटी गुर्जर व प्रमोद गुर्जर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
