जबलपुर। शहर के दमोह नाका क्षेत्र में मुन्ना होटल के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक सांड अचानक खुले पड़े गहरे चैंबर में जा गिरा। सांड के गिरते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय नागरिकों ने बिना देरी किए नगर निगम को सूचना दी। खबर मिलते ही नगर निगम की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुँची। टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद सांड को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि समय रहते रेस्क्यू हो गया, अन्यथा सांड की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, खुले नालों को ढंकने की मांग
घटना के बाद क्षेत्रीय निवासियों में नगर निगम के प्रति नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि शहर के कई इलाकों में नाले और चैंबर बिना ढक्कन के खुले पड़े हैं, जो लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़ी अनहोनी से पहले सभी खुले चैंबरों और नालों को तत्काल ढंका जाए और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।
