कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले के ग्राम मझगवां छघरा में पुरानी रंजिश ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। जमीन विवाद को लेकर पड़ोसी ने एक महिला पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ग्राम मझगवां निवासी संतराबाई कोल (उम्र लगभग 50 वर्ष), पति दुर्जन लाल कोल, का अपने पड़ोसी भोला कोल से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते दोनों परिवारों के बीच आए दिन कहासुनी होती रहती थी।
बीती रात करीब एक बजे आरोपी भोला कोल ने संतराबाई के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर संतराबाई बाहर आई और विरोध किया। इसी दौरान भोला कोल पेट्रोल की बोतल लेकर आया और पेट्रोल मुंह में भरकर संतराबाई के चेहरे पर छिड़क दिया। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले आरोपी ने दोबारा पेट्रोल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया।
आग लगते ही संतराबाई चीखने लगी और लपटों में घिरी इधर-उधर भागने लगी। शोर सुनकर पति और अन्य परिजन बाहर आए और किसी तरह आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए महिला को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी भोला कोल की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
