जबलपुर। जबलपुर के बरेला थाना अंतर्गत हाईवे रोड पर रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार क्रिएटा कार ने सड़क किनारे बैठे मजदूरों को कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में करीब 20 मजदूर घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर लगी लोहे की ग्रिल पर पेंटिंग का काम कर रहे मजदूर दोपहर में सड़क किनारे बैठकर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित क्रिएटा कार तेज रफ्तार में आई और मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई मजदूर उछलकर दूर जा गिरे और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया और 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल पांच मजदूरों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
अज्ञात चालक फरार, तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे की ओर इशारा करता है, जहां काम कर रहे मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
