तेज रफ्तार का कहर: सड़क किनारे खाना खा रहे मजदूरों को कुचला, 11 घायल



जबलपुर। बरेला थाना अंतर्गत गौर–सालीवाड़ा क्षेत्र में रविवार दोपहर तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला। हाईवे किनारे बैठकर भोजन कर रहे मजदूरों को एक सफेद रंग की तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में 11 मजदूर घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

काम के बीच मौत से सामना
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिग्मा–कान्हा रहवासी कॉलोनी, सालीवाड़ा के समीप हाईवे पर मजदूर ग्रिल की पेंटिंग का कार्य कर रहे थे। दोपहर के समय भोजन अवकाश के दौरान वे सड़क किनारे बैठे हुए थे। तभी एक सफेद रंग की कार तेज रफ्तार में आई और चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार ने सीधे मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी।

घायल सड़क पर तड़पते रहे, चालक फरार
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, हिट एंड रन की इस घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

पुलिस जांच में जुटी
बरेला पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से कार और चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post