जबलपुर। महानगरों की तर्ज पर जबलपुर में वाइन शॉप खोलने की तैयारी अब विरोध की वजह बनती जा रही है। महिला उपभोक्ताओं को ध्यान में रखते हुए रहवासी क्षेत्रों के मुख्य बाजारों में वाइन शॉप खोली जा रही हैं, लेकिन तिलहरी मुख्य मार्ग पर प्रस्तावित एंबी वाइन शॉप के खिलाफ स्थानीय महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है।
रसल चौक और विजय नगर के बाद अब तिलहरी मुख्य मार्ग पर, पुरानी बर्फ फैक्टरी के पास एंबी वाइन शॉप खोले जाने की तैयारी है। शॉप के खुलने से पहले ही क्षेत्र की महिलाएं सड़क पर उतर आईं और स्पष्ट किया कि यहां किसी भी हालत में नई वाइन शॉप नहीं खुलने दी जाएगी।
भाजपा नेता विभा उपाध्याय ने बताया कि तिलहरी मुख्य मार्ग पर पहले से ही एक शराब दुकान संचालित है, जिससे रोजाना आवागमन प्रभावित होता है। ऐसे में दूसरी दुकान खुलने से हालात और बिगड़ेंगे। उन्होंने कहा कि नई वाइन शॉप का असर आसपास के रहवासियों पर पड़ेगा, खासकर महिलाओं को असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ेगा।
प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का कहना है कि यह इलाका घनी आबादी वाला है और यहां शराब दुकान खुलने से सामाजिक माहौल खराब होगा। इसी वजह से रहवासी कॉलोनियों की महिलाएं एकजुट होकर एंबी वाइन शॉप के खिलाफ विरोध कर रही हैं और प्रशासन से इसे कहीं और स्थानांतरित करने की मांग कर रही हैं।
