जबलपुर। शहर के लॉर्डगंज थाने से सामने आई एक तस्वीर और वीडियो ने पुलिसिया सुरक्षा तंत्र पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। थाना परिसर में जब्त कर रखी गई सफेद रंग की अर्टिगा कार इन दिनों सोशल मीडिया पर कौतूहल और मज़ाक का विषय बनी हुई है। हैरानी की बात यह है कि इस लग्जरी वाहन की सुरक्षा के लिए किसी आधुनिक तकनीक के बजाय पुलिस ने लोहे की भारी-भरकम जंजीरों का सहारा लिया है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम से लैस इस कार के गेट और टायर—दोनों को एक साथ जंजीरों से बांधकर ताला ठोक दिया गया है। आमतौर पर थाना परिसर को सबसे सुरक्षित स्थान माना जाता है, लेकिन लॉर्डगंज पुलिस को शायद वाहन चोरी या उसके गायब होने का इतना भय सताया कि उन्होंने कार को ‘कैदी’ की तरह जकड़ कर रखना ही मुनासिब समझा।
वायरल वीडियो पर यूज़र्स ले रहे चुटकी
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, नेटिज़न्स ने पुलिस को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया। किसी ने इसे “थाने में भी भरोसे की कमी” बताया तो किसी ने तंज कसते हुए लिखा—“जब थाने में ही जंजीरें चाहिए, तो बाहर क्या हाल होगा?”
थाना परिसर के भीतर इस तरह जंजीरों में बंधी कार पुलिस की कार्यप्रणाली और उनकी असुरक्षा की भावना को उजागर करती है। फिलहाल यह वीडियो पुलिस के लिए गले की हड्डी बन चुका है न उगलते बन रहा है, न निगलते।
