रक्षा भूमि सर्वे से करौंदी–बगीचा क्षेत्र में दहशत, बुलडोजर कार्रवाई की आशंका



जबलपुर। रक्षा मंत्रालय के निर्देशों के बाद डिफेंस ईस्टेट ऑफिस (डीईओ) द्वारा रक्षा भूमि का सीमांकन तेज़ी से किया जा रहा है। इस कार्रवाई के तहत रक्षा मंत्रालय की भूमि पर हुए अतिक्रमणों को चिह्नित किया जा रहा है। सर्वे की इस प्रक्रिया से शहर के करौंदी बस्ती और बगीचा क्षेत्र में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया है।

बताया जा रहा है कि सेंट्रल ऑर्डिनेंस डिपो (सीओडी) से सटी करौंदी बस्ती में बीते एक पखवाड़े से सर्वे कार्य चल रहा है। पहली बार इतने विस्तार से यह दर्ज किया जा रहा है कि किस स्थान पर किस व्यक्ति ने निर्माण किया है। डीईओ की टीम द्वारा घर-घर जाकर माप-जोख की जा रही है और निर्माण से जुड़ा पूरा डाटा तैयार किया जा रहा है।

इसी बीच क्षेत्र में यह चर्चा तेज़ हो गई है कि सर्वे पूरा होने के बाद चिन्हित अतिक्रमणों पर बुलडोजर कार्रवाई की जा सकती है। इस संभावित कार्रवाई की आशंका ने स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि वर्षों से रह रहे परिवारों को अचानक बेदखली का डर सता रहा है।

हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर अभी किसी अंतिम कार्रवाई को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सर्वे की गति और व्यापकता को देखते हुए इलाके में अनिश्चितता और भय का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post