सड़क हादसे के बाद डीजल की लूट, पलटा टैंकर—चालक-क्लीनर घायल



मध्य प्रदेश के सीधी जिले में शुक्रवार देर शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलदहा सोन पुल के पास मोड़ पर डीजल से भरा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टैंकर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में टैंकर चालक को गंभीर चोटें आईं, जबकि क्लीनर भी घायल हो गया। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टैंकर के पलटते ही सड़क पर यातायात बाधित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे के बाद डीजल की खुली लूट

दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर डीजल लूट का नजारा देखने को मिला। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ मौके पर उमड़ पड़ी। लोग बाल्टी, डिब्बे, केन और अन्य बर्तनों में टैंकर से बह रहा डीजल भरने लगे। देखते ही देखते सड़क किनारे डीजल बटोरने की होड़ मच गई।

डायल-112 पहुंचने में देरी, खतरा टला बाल-बाल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डायल-112 टीम के मौके पर पहुंचने में देरी हुई, जिसका फायदा उठाकर लोग बेखौफ होकर डीजल भरते रहे। हैरानी की बात यह रही कि डीजल जैसे अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ के खुले में फैलने के बावजूद पुलिस का डर भी लोगों को नहीं रोक पाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जरा-सी चिंगारी से बड़ा विस्फोट हो सकता था, जिससे जान-माल का भारी नुकसान संभव था।

Post a Comment

Previous Post Next Post