मामूली विवाद में हिंसक झड़प: यादव समाज के दो पक्ष आमने-सामने, लाठी-डंडों से हमला, कई घायल

 


जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत यादव समाज के दो पक्षों के बीच मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते-ही-देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बात-बात में निकल आए डंडे

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहले पक्ष से रंजीत यादव (33 वर्ष), निवासी ग्राम छितुरहा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके घर के पास ही विंद्रावन यादव का मकान है। आरोप है कि विंद्रावन ने रंजीत की जमीन पर बनी बीम पर दीवार खड़ी कर दी। जब रंजीत ने इस पर आपत्ति जताई, तो विंद्रावन यादव, राजेन्द्र यादव, अन्नू यादव और राजा यादव ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

विवाद बढ़ने पर अन्नू यादव ने रंजीत के साथ झूमाझपटी की, जबकि राजेन्द्र यादव ने डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे रंजीत के पिता कढोरीलाल यादव के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि राजा यादव ने कढोरीलाल से मारपीट की, वहीं विंद्रावन यादव ने उनके सिर पर डंडे से हमला किया। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई रिपोर्ट

वहीं, दूसरे पक्ष से राजेन्द्र यादव (50 वर्ष) ने क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि रंजीत यादव का मकान उनके घर से सटा हुआ है। राजेन्द्र के अनुसार, उन्होंने अपने घर की सीढ़ियों के नीचे दीवार बनाई थी, जिसे रंजीत ने अपनी सीमा बताते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी बात पर रंजीत यादव और उसके पिता कढोरीलाल ने उनके तथा उनके बेटे राजा यादव के साथ मारपीट की।

पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस केस

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 296(बी), 115(2), 351(3), 118(1) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post