10 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, भरतीपुर की कुख्यात ड्रग डॉन बबीता का नाम आया सामने



जबलपुर। मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने शनिवार रात एक शातिर युवक को करीब 10 लाख रुपये की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी, भरतीपुर निवासी कुख्यात ड्रग डॉन बबीता के नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच और माढ़ोताल थाना की संयुक्त टीम पेट्रोलिंग के दौरान स्कीम नंबर-65 निर्माणाधीन सड़क, ग्राम बसा में ट्रांसफार्मर के पास पहुंची। इसी दौरान बिना नंबर की सफेद एक्सिस से नेशनल हाईवे की ओर जाते एक युवक को रोककर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम ऋषभ सोनकर उर्फ बाबू सोनकर, निवासी पेशकारी स्कूल के पास, भरतीपुर बताया।

संदेह होने पर वाहन की डिक्की की तलाशी ली गई, जहां पारदर्शी पन्नी में रखा स्मैक पाउडर मिला। तौल करने पर इसकी मात्रा 41.35 ग्राम पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह स्मैक बबीता सोनकर, निवासी भरतीपुर, से लेकर हाईवे क्षेत्र में नशा करने वालों को पुड़िया बनाकर बेचने के लिए ले जा रहा था। प्रथम दृष्टया मामले में बबीता की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post