कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले के ग्राम खमरिया में आज सुबह एक धार्मिक अनुष्ठान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शिव मंदिर परिसर में चल रहे यज्ञ में हवन के दौरान अचानक आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आकर एक श्रद्धालु बुरी तरह झुलस गया। घायल को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खमरिया स्थित शिव मंदिर में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठान चल रहे थे। यज्ञ के लिए हवन कुंड बनाया गया था, जहां गांव के सैकड़ों श्रद्धालु विधि-विधान से हवन में भाग ले रहे थे। इसी दौरान वन स्वरूप नामक युवक हवन कुंड के पास बैठकर पूजा कर रहे थे। जैसे ही हवन सामग्री अग्नि में डाली गई, अचानक आग ने तेज़ी से भड़ककर विकराल रूप ले लिया और वन स्वरूप उसकी चपेट में आ गए।
आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक वन स्वरूप काफी हद तक झुलस चुके थे। हादसे के बाद यज्ञ स्थल पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। मौजूद श्रद्धालुओं ने तत्परता दिखाते हुए घायल को एम्बुलेंस से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
