जबलपुर। एमपी के जबलपुर में गौर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत देवरी गौर के समीप स्थित प्रसिद्ध प्राचीन राम-जानकी मंदिर में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और भगवान राम-जानकी के चार चांदी के मुकुट, आभूषण और छत्र चोरी कर ले गए।
सुबह पूजा के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर के गेट पर ताले टूटे देखे, जिसके बाद तत्काल पुजारी को सूचना दी गई। खबर मिलते ही गौर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
मंदिर में चोरी की घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक आस्था के केंद्र में इस तरह की वारदात पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले मंदिर की रेकी की होगी और उन्हें प्रवेश व निकास मार्गों की सटीक जानकारी थी।
पुजारी के बयान दर्ज कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। संदेहियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी कर चोरी गया माल बरामद कर लिया जाएगा।
