जबलपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव: घर में घुसकर तोड़फोड़, पत्थरबाजी और मारपीट; इलाके में दहशत





जबलपुर। शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद होते जा रहे हैं कि उन्हें अब पुलिस का भी खौफ नहीं रह गया है। आए दिन चाकूबाजी, मारपीट और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला उजारपुरवा क्षेत्र का है, जहां 6 से 7 बदमाशों ने एक घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने पहले घर में घुसकर तोड़फोड़ की और इसके बाद बाहर से पत्थरबाजी शुरू कर दी। आरोपियों ने घर में मौजूद परिजनों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पीड़ित सिद्धार्थ केवट ने बताया कि सोनू बटइया, सौरभ, सुमित, सत्यम और सच्चू धारदार हथियार लेकर उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने अलमारी, टीवी सहित घर का अन्य सामान तोड़ दिया। जब परिजनों ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके नाना और घर में मौजूद अन्य लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post