जबलपुर स्टेशन से भागने की फिराक में दबोचा गया
जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के सालीवाड़ा में हुए भीषण सड़क हादसे के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाकर 5 मजदूरों की जान लेने वाला आरोपी लखन सोनी घटना के बाद से फरार चल रहा था। क्राइम ब्रांच और बरेला पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे जबलपुर रेलवे स्टेशन के पास से उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह शहर से बाहर भागने की कोशिश कर रहा था।खाना खा रहे मजदूरों पर चढ़ा दी कार
यह दर्दनाक हादसा 18 जनवरी 2026 को नेशनल हाईवे पर सिग्मा कान्हा कॉलोनी, सालीवाड़ा के पास हुआ था। सड़क सुरक्षा कार्य के तहत यहां साइन बोर्ड और स्टॉपर लगाए गए थे। इनके पीछे मजदूर लोहे की ग्रिल की सफाई कर रहे थे और कुछ मजदूर वहीं बैठकर खाना खा रहे थे।
इसी दौरान मंडला से जबलपुर की ओर आ रही सफेद रंग की निसान कार (MP 20 XB 1460) के चालक ने तेज रफ्तार और खतरनाक ढंग से वाहन चलाते हुए मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 11 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से 5 की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया था।
कार मालिक से पूछताछ में खुला राज
घटना के बाद बरेला पुलिस ने कार नंबर के आधार पर उसके मालिक दीपक सोनी पिता रमेश सोनी को हिरासत में लिया। पूछताछ में दीपक ने बताया कि हादसे के वक्त कार उसका भाई लखन सोनी चला रहा था। इसके बाद पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया और आरोपी की तलाश तेज कर दी।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी लखन सोनी जबलपुर रेलवे स्टेशन के आसपास छिपा हुआ है और बाहर भागने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(ए), 125(बी), 105 सहित मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
.jpg)