अधारताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियारों के साथ दो युवक गिरफ्तार



देर रात पेट्रोलिंग के दौरान तालाब मेन गेट के पास पकड़े गए आरोपी, देशी पिस्टल, कारतूस और बटनदार चाकू बरामद


जबलपुर। थाना अधारताल पुलिस ने देर रात पेट्रोलिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक बटनदार चाकू बरामद किया गया।

थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने बताया कि अधारताल तालाब मेन गेट के पास पेट्रोलिंग के दौरान दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, जिन्हें तत्काल घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम शनि बर्मन पिता गणेश बर्मन (20 वर्ष), निवासी ग्राम बगौड़ी चौकी बेलखाड़ू थाना कटंगी तथा शनि चौधरी पिता सुरेश चौधरी (23 वर्ष), निवासी ग्राम भर्रा चौकी बेलखाड़ू थाना कटंगी बताया।

तलाशी के दौरान शनि बर्मन की जैकेट की जेब से एक देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसमें एक कारतूस लोड पाया गया। वहीं शनि चौधरी की कमर से एक बटनदार चाकू जब्त किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post