जबलपुर। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती वर्ष के अवसर पर इंदिरा ज्योति अभियान समिति जबलपुर द्वारा एक गरिमामय स्मरण सभा का आयोजन शहीद स्मारक गोल बाजार में किया गया। यह कार्यक्रम इंदिरा ज्योति अभियान यात्रा के जबलपुर आगमन के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ।
इंदिरा ज्योति अभियान समिति जबलपुर के अध्यक्ष रीतेश अग्रवाल ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सभा में एआईसीसी के सेक्रेटरी सह प्रभारी चंदन यादव, अभियान के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह ठाकुर तथा अभियान के संरक्षक भास्कर राव रोकड़े ने अपने विचार रखे।
सभा को संबोधित करते हुए रीतेश अग्रवाल ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन संघर्ष, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल है। अनेक साजिशों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने दृढ़ संकल्प के साथ वापसी की और भारत को विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया एवं तरुण भनोट द्वारा वर्ष 1978 में इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में अपनी गिरफ्तारी देने वाले कांग्रेसजनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में इंदिरा गांधी के जीवन और योगदान पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन भी किया गया।
स्मरण सभा को जिला प्रभारी राजकुमार खुराना, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ शर्मा तथा ग्रामीण जिला अध्यक्ष संजय यादव ने भी संबोधित किया। मंच संचालन अनुराग गढ़वाल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सतीश तिवारी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्चना जायसवाल, पूर्व विधायक विनय सक्सेना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में इंदिरा गांधी के योगदान को याद करते हुए श्रद्धा और सम्मान का भाव देखने को मिला।
