जबलपुर | संजीवनी नगर शहर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि पीड़ित के दोनों पैरों में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
घायल की पहचान आशीष पटेल (40 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार क्रमांक एमपी 19 सीबी 1747 को जब्त कर लिया। इस बीच घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें मौके पर मौजूद युवतियों द्वारा हंगामा करते हुए देखा जा सकता है।
पुलिस के अनुसार, कार रॉयल स्कूल की ओर से कब्रिस्तान की दिशा में जा रही थी, तभी सामने से पैदल आ रहे राहगीर को टक्कर लग गई। कार संजय नगर निवासी अनुष्का गुहा चला रही थी, जो घटना के समय अपनी एक सहेली के साथ मौजूद थी।
थाना प्रभारी बी.डी. द्विवेदी ने बताया कि कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं हो सकता। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
