500 किलो लोहे की चोरी से खुला राज: डिलीवरी बॉय गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार



भोपाल,। राजधानी की अयोध्या नगर थाना पुलिस ने शहर में सक्रिय एक शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह नामी कंपनियों—जैसे जोमैटो और रेडीगो—के डिलीवरी बॉय बनकर बंद दुकानों और स्टोरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4.5 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 21 जनवरी को फरियादी प्रशांत तिवारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सर्राफा परिसर के पास उनके अस्थायी स्टोर से करीब 500 किलो वजनी लोहे के चैंबर ढक्कन चोरी हो गए हैं। थाना प्रभारी महेश लिलहरे के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज के विश्लेषण में संदिग्धों की पहचान होने के बाद मुखबिर की सूचना पर फेज-5 क्षेत्र से तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में


राजा पाल (22) – बी.कॉम पास, जोमैटो में कार्यरत, जिसके खिलाफ पहले से 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं।


कुणाल उर्फ डब्बू (21) – रेडीगो डिलीवरी एजेंट, जिस पर 7 मामले दर्ज हैं।


राहुल वाल्मीकि (25) – हाउसकीपिंग कर्मी, जिस पर POCSO सहित गंभीर मामले दर्ज हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दिन में डिलीवरी बॉय बनकर रेकी करते थे और जिन दुकानों या स्टोरों में सुरक्षा कम होती थी, वहां रात के अंधेरे में हाथ साफ कर देते थे। गिरोह के पास से निपानी और हबीबगंज क्षेत्र में चोरी की गई 3 मोटरसाइकिलें (2 स्प्लेंडर और 1 शाइन) भी बरामद की गई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post