जबलपुर। मझौली थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक मजदूर पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहित गौड़ (26 वर्ष, निवासी धनवाही मझौली) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने मजदूर मणिशंकर गौड़ (64 वर्ष) पर हत्या की नीयत से देशी कट्टे से फायर किया, हालांकि सौभाग्यवश पीड़ित को गंभीर चोट नहीं आई।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 14 जनवरी 2026 की शाम करीब 4:30 बजे की है। मणिशंकर गौड़ बाल कटवाने के लिए छोटेलाल नाई की दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान आरोपी रोहित गौड़ वहां पहुंचा, धमकी दी और कमर से देशी कट्टा निकालकर सिर की ओर फायर कर दिया। मणिशंकर ने सतर्कता दिखाते हुए कट्टे को हाथ से धक्का दिया, जिससे गोली उसके कान के पास से गुजरते हुए दुकान के कांच में जा लगी। इसके बाद आरोपी ने पीछा कर मणिशंकर से मारपीट की और मुक्के से उसके सामने के दांत तोड़ दिए।
पुलिस ने बताया कि यह हमला वर्ष 2018 में हुई एक हत्या से जुड़ी पुरानी रंजिश का नतीजा है। 27 दिसंबर 2018 को आरोपी रोहित गौड़ और उसके साथी अभिषेक गौड़ द्वारा मणिशंकर के बेटे रंजीत सिंह की हत्या की गई थी, उसी मामले की रंजिश को लेकर यह वारदात अंजाम दी गई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए सम्पत उपाध्याय ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद सूर्यकांत शर्मा और आदित्य सिंघारिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नेहरू खंडाते के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी रोहित गौड़ को धनवाही क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल किया गया कट्टा घर के पास मिट्टी में छिपाकर रखने की बात कबूल की, जिसके बाद पुलिस ने एक देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
