भोपाल। राजधानी भोपाल के अति-सुरक्षित माने जाने वाले एम्स अस्पताल परिसर में महिला अटेंडेंट से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का बारसोनिया पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने न केवल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, बल्कि लूटा गया मंगलसूत्र खरीदने वाले सुनार को भी हिरासत में लेकर सोना बरामद कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 25 जनवरी की है। एम्स में अटेंडेंट के रूप में कार्यरत महिला ब्लड बैंक के पास स्थित लिफ्ट नंबर-12 से प्रथम तल पर जा रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए नकाबपोश बदमाश ने लिफ्ट में घुसते ही गेट खुलते ही महिला पर झपट्टा मारा और उसके गले से सोने का मंगलसूत्र तोड़ लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीढ़ियों के रास्ते फरार हो गया। अस्पताल परिसर जैसी व्यस्त और सुरक्षित जगह पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे।
थाना प्रभारी अमित सोनी ने बताया कि पुलिस ने एम्स परिसर और आसपास के मार्गों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके आधार पर आरोपी का वीडियो सोशल मीडिया और पुलिस के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किया गया। लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सुनील मीणा (25) निवासी बांसवाड़ा, राजस्थान को कटारा हिल्स के पास लालघाटी क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उस पर दोस्तों का कर्ज था, जिसे चुकाने के दबाव में उसने लूट की योजना बनाई। लूटा गया मंगलसूत्र उसने पुष्पराज सोनी नामक सुनार को बेच दिया था। पुलिस ने सुनार के पास से मंगलसूत्र जब्त कर उसे भी मामले में सह-आरोपी बनाया है।
