मालगांव में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान ब्लास्ट, 9 लोग घायल



मालगांव (महाराष्ट्र)।गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार, 26 जनवरी की सुबह पुलिस परेड ग्राउंड के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में 9 लोगों के घायल होने की सूचना है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह धमाका गुब्बारे बेचने वाले एक व्यक्ति के नाइट्रोजन गैस सिलेंडर में विस्फोट के कारण हुआ।

यह धमाका सुबह करीब 9:15 बजे हुआ। घटना स्थल पुलिस परेड ग्राउंड से लगभग 250 मीटर की दूरी पर स्थित था, जहां रिपब्लिक डे के झंडा फहराने का कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम में एडिशनल डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, स्कूली छात्र और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

अचानक हुए इस सिलेंडर ब्लास्ट की आवाज इतनी तेज थी कि दूर तक सुनाई दी, जिससे कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग इसे पहले आतंकी घटना मान बैठे, जिससे कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

पुलिस के अनुसार, गुब्बारे फुलाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे नाइट्रोजन गैस सिलेंडर में तकनीकी खराबी या ओवरप्रेशर के कारण विस्फोट हुआ। मामले की गहन जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

इस हादसे में दो बच्चे और दो महिलाएं भी घायल हुई हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए नासिक रेफर किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post