कुख्यात बदमाश पर बर्बर हमला, मंगेतर के सामने हथौड़े से कुचले हाथ-पैर



जबलपुर/भोपाल। राजधानी भोपाल में एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रीवा के कुख्यात बदमाश कुलदीप सिंह उर्फ कुलदीप पटेल पर जानलेवा हमला कर उसे अपाहिज बनाने की साजिश रची गई। खास बात यह है कि इस अपराधी का पुराना आपराधिक नाता संस्कारधानी जबलपुर से भी रहा है। भोपाल पुलिस इस हमले की कड़ियों को जबलपुर और रीवा से जोड़कर जांच में जुट गई है।
मंगेतर के सामने बर्बरता, 3 दिन तक की गई रेकी

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि कुलदीप सिंह हाल ही में रीवा जेल से जमानत पर छूटकर भोपाल आया था। वह अपनी मंगेतर के साथ कार से जा रहा था, तभी कोलार थाना क्षेत्र में दो बिना नंबर की कारों में आए हमलावरों ने रास्ता रोक लिया।
हमलावरों ने कुलदीप को कार से खींचकर बाहर निकाला, पहले लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और फिर हथौड़े से उसके हाथ-पैर कुचल दिए। यह पूरी वारदात उसकी मंगेतर के सामने अंजाम दी गई, जिसकी महज 11 दिन बाद सगाई होने वाली थी। जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने तीन दिन तक उसकी रेकी की थी। उनका मकसद हत्या नहीं, बल्कि उसे जिंदगी भर के लिए अपाहिज बनाना था।
जबलपुर के विजय नगर थाने में दर्ज हैं गंभीर मामले

हमले का शिकार कुलदीप सिंह कोई साधारण व्यक्ति नहीं, बल्कि एक निगरानीशुदा बदमाश है। जबलपुर पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विजय नगर थाना में उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 21/2017 और 143/2017 के तहत मारपीट व आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।
इसके अलावा रीवा के चोरहटा थाना में उस पर 7 मामले और सी.ला. रीवा में 3 प्रकरण दर्ज हैं। वह वर्ष 2012 के एक हत्या के मामले में भी आरोपी रहा है।
हालत नाजुक, पुरानी रंजिश की आशंका

गंभीर रूप से घायल कुलदीप सिंह का इलाज भोपाल के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। भोपाल पुलिस ने जबलपुर और रीवा पुलिस से संपर्क कर हमलावरों की तलाश तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम लग रहा है। मामले में जल्द बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post